संघर्ष, धैर्य और दृढ़ संकल्प के दम पर जिंदोली निवासी अंजू जाट ने आरएएस-2024 में सफलता हासिल कर तहसीलदार पद प्राप्त किया है। वर्तमान में मुंडावर ब्लॉक के राउप्रावि अजीजपुर में प्रधानाध्यापिका अंजू ने 28 सितंबर 2018 को अध्यापिका के रूप में सेवा शुरू की थी। शादी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और नौकरी के बीच उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य नहीं छोड़ा। अंजू की राह में सबसे कठिन दौर वर्ष 2023 में आया, जब सड़क हादसे में उनके पति का निधन हो गया। पति ही उन्हें प्रशासनिक अधिकारी बनने के लिए लगातार प्रेरित करते थे। उनके निधन के बाद परिवार, स्कूल स्टाफ और दोस्तों ने अंजू को संभाला। पति की कही बातों को याद कर उन्होंने खुद को संभाला और फिर से आरएएस की तैयारी में जुट गईं। अंजू अपनी सफलता का श्रेय सास फूली देवी और ससुर राम कुंवार को देती हैं। राम कुंवार सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट हैं। दोनों ने बच्चों और घर की जिम्मेदारियों में सहयोग देकर अंजू को पढ़ाई के लिए समय दिया। अंजू के लिए तहसीलदार बनना सिर्फ एक प्रशासनिक पद हासिल करना नहीं, बल्कि पति के अधूरे सपने को पूरा करने का भावुक क्षण है। उनकी सफलता युवाओं और महिलाओं के लिए संघर्ष के बीच लक्ष्य पर टिके रहने की प्रेरणा बनी है।