जोधपुर में एयरफोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के जांबाज हैरतअंगेज कारनामे करेंगे। वायुसेना की विश्वविख्यात सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम जोधपुर में 8 अक्टूबर को हैरतअंगेज कलाबाजियां दिखाएंगी। इस एयर शो को लेकर सूर्यकिरण टीम ने भी अपने आधिकारिक Xहैंडल पर विशेष पोस्ट शेयर की है। टीम ने पोस्ट में लिखा- जब हवाई ताकत और सटीकता का मेल होता है। जोधपुर, तैयार हो जाइए। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम आ रही है सनसिटी में। जोधपुर के नीले आसमान में फॉर्मेशन, बारीकी और उत्कृष्टता का गजब का तालमेल देखने को मिलेगा। आसमान में बनेगा लाल-सफेद कैनवास सूर्यकिरण टीम के पायलट अपने हॉक Mk-132 एडवांस जेट ट्रेनर विमानों के साथ जोधपुर एयरबेस से उड़ान भरेंगे। इस दौरान हवा में केवल 5 से 10 फीट की दूरी पर विमान उड़ाते हुए पायलट डायमंड फॉर्मेशन और हवा में तीर से हार्ट जैसी आकृतियां बनाएंगे। इसके अलावा जेट विमानों से निकलने वाले लाल, सफेद और केसरिया रंग के धुएं से पूरा आसमान राष्ट्रभक्ति के रंगों में रंग जाएगा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण एयरबेस बता दें कि जोधपुर एयरबेस देश के सबसे महत्वपूर्ण और अग्रिम मोर्चे के एयरबेस में से एक है। यहां सूर्यकिरण की मौजूदगी सामरिक संदेश भी देती है। वहीं हैरतअंगेज कलाबाजियों को देखकर स्थानीय युवाओं को भारतीय वायुसेना में शामिल होकर देशसेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।