जोधपुर में प्यार के जाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि शादी की बात करते ही युवती का व्यवहार बदल गया। उसने मकान और संपत्ति अपने नाम करने की शर्त रख दी। 50 लाख रुपए भी मांगे। मना करने पर रेप और यौन शोषण के झूठे केस में फंसाकर पूरे परिवार को जेल भिजवाने और मीडिया को बुलाकर इमेज खराब करने की धमकी दी। ब्लैकमेल कर 50 लाख रुपए मांगने लगी। मामले में देवनगर थाना पुलिस ने इस्तगासे के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। शादी की बात करने पर युवती का बदला व्यवहार जोधपुर शहर में रहने वाले पीड़ित युवक ने रिपोर्ट में बताया कि अक्टूबर 2025 में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान एक युवती से मुलाकात हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों आपसी सहमति से घूमते-फिरते रहे और होटलों में भी रुके। पीड़ित का कहना है कि दोनों बालिग थे और संबंध पूरी तरह स्वैच्छिक थे। पीड़ित के अनुसार- शादी की बात करने पर युवती का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने शादी के बदले मेरा मकान और संपत्ति अपने नाम करने की शर्त रख दी। जब इसका विरोध किया, तो लड़की आक्रामक हो गई और धमकी देने लगी। झूठे केस में फंसाने की धमकी दी पीड़ित युवक का आरोप है कि 6 जून 2026 को युवती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वह मुकदमों से बचना चाहता है तो उसे 50 लाख रुपए देने होंगे। रुपए न देने पर रेप और यौन शोषण के झूठे केस में फंसाकर पूरे परिवार को जेल भिजवाने और मीडिया को बुलाकर इमेज धूमिल करने की धमकी दी। महिला की मौसी और अन्य परिजन भी फोन कर लगातार मानसिक प्रताड़ना देने लगे। पीड़ित ने बताया कि उसने जुलाई 2026 में पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर महानगर के सामने इस्तगासा पेश किया। कोर्ट के निर्देश पर अब पुलिस ने मामला दर्ज किया है।