जोधपुर के कापरड़ा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो से ज्यादा ड्रग्स बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की स्विफ्ट कार भी बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जोधपुर से केमिकल उपलब्ध कराता था, मध्य प्रदेश में उससे ड्रग्स तैयार करवाता और फिर मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करता था। पकड़ी गई ड्रग्स की कीमत करीब 67 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामलाल धतरवाल (31) पुत्र बाबूलाल, निवासी धतरवालों की ढाणी भीमसागर लोहावट(फलोदी) के रूप में हुई है। ANTF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स निर्माण-सप्लाई की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। DGP राजीव कुमार शर्मा और ADG दिनेश MN के निर्देश पर IG (ANTF) विकास कुमार की निगरानी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीमों ने टोल पर घेराबंदी कर कार को रुकवाया IG विकास कुमार ने बताया कि ANTF को सूचना मिली थी कि जयपुर-जोधपुर हाईवे पर बिनावास टोल की तरफ एक संदिग्ध स्विफ्ट कार आ रही है। ANTF की दो टीमों ने टोल पर घेराबंदी कर कार को रुकवाया। स्थानीय पुलिस की मदद से तलाशी लेने पर कार से 2.231 किलोग्राम MD बरामद हुई। आरोपी से पूछताछ के आधार पर MP और राजस्थान के अन्य तस्करों और केमिकल सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। 6 साल जेल में रहा आरोपी IG विकास कुमार ने बताया कि अप्रैल 2018 में कोटा के आरके पुरम थाने में डोडा पोस्त तस्करी में पकड़ा गया था। दिसंबर 2024 में 6 साल 8 माह बाद जमानत पर बाहर आया और फिर रिश्तेदार के साथ तस्करी शुरू कर दी। साल 2025 में उसका एक रिश्तेदार भी टैंकर में डोडा पोस्त सप्लाई करते MP में पकड़ा गया था। जिसमें आरोपी का नाम सामने आया था। इसमें आरोपी फरार चल रहा था। जब पैसों की तंगी आई तो उसने डोडा छोड़कर MD की तस्करी का काम शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी रामपाल जोधपुर से MD बनाने का केमिकल खरीदकर MP के तस्करों को देता था और बदले में तैयार MD लेकर मारवाड़ में सप्लाई करता था।