जोधपुर के बनाड़ थाने में भाजपा नेता हनुमान सिंह खांगटा सहित 6 से ज्यादा नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR कराई गई है। परिवादी बंशीलाल की ओर से कोर्ट में इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज कराया है। परिवादी ने नांदड़ी-बनाड़ रोड स्थित दो प्लॉट पर कथित अवैध कब्जा करने और फर्जी डॉक्यूमेंट्स के आधार पर बिजली कनेक्शन लेने के आरोप लगाए है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हनुमान सिंह खांगटा मारवाड़ राजपूत सभा का पूर्व अध्यक्ष भी रह चुका है। इस बार मारवाड़ राजपूत सभा का अध्यक्ष पद का चुनाव हार गया था। 19 मार्च 2024 में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने खांगटा को कांग्रेस से भाजपा जॉइन कराई थी। फिलहाल उनके पास भाजपा में कोई पद नहीं है। आरोपियों ने प्लान बनाकर प्लॉट पर किया कब्जा परिवादी बंशीलाल (36) पुत्र घेवरराम बिश्नोई निवासी साउओं की ढाणी, मंगल नगर, गुड़ा बिश्नोईयान ने बताया कि उन्होंने 9 मार्च 2026 को नांदड़ी-बनाड़ रोड, रूपनगर नागणेचा मंदिर के पास में खसरा संख्या 33 में स्थित प्लॉट संख्या 4 और 5 खरीदे थे। आरोप है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके प्लॉट्स में गलत तरीके से प्रवेश कर अवैध कब्जा कर लिया और बाउंड्री बनाकर टीन शेड तैयार कर दिए। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने मौके पर अवैध रूप से कब्जा स्थायी करने की नीयत से फर्जी डॉक्यूमेंट्स तैयार करवाकर बिजली का कनेक्शन भी ले लिया। एफआईआर के मुताबिक, अभियुक्तगणों ने अपनी भूमिका छिपाने और पुलिस व प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए कुछ अनुसूचित जाति(SC) की महिलाओं को आगे रखकर संपत्ति की देखरेख और कब्जा बनाए रखने की कोशिश की है। विरोध करने और अपने प्लॉट पर अधिकार जताने पर परिवादी को जान से मारने और झूठे आपराधिक मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई नहीं को तो पीड़िता पहुंचा कोर्ट पीड़ित के अनुसार, उन्होंने 5 अगस्त 2026 को ही रजिस्टर्ड डाक के जरिए बनाड़ थाना अधिकारी, पुलिस उपायुक्त और पुलिस आयुक्त जोधपुर को शिकायत भेजी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर अंततः उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। अब कोर्ट के आदेश पर हनुमान सिंह खांगटा, भंवर सिंह पुत्र सुगन सिंह, राजबहादुर सिंह, बलवीर सिंह, नरपत सिंह राजपुरोहित और भंवर सिंह भाटी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।