जोधपुर महानगर पूर्व और पश्चिम पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान किडनैपिंग, जानलेवा हमला, एआई फोटो बनाकर ब्लैकमेलिंग और साइबर फ्रॉड के कई सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। 1. भदवासिया मंडी से युवक का अपहरण, फलोदी के बदमाशों पर शक महामंदिर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी भदवासिया के पास से बदमाशों ने ओमप्रकाश नाम के युवक को जबरन गाड़ी में डालकर किडनैप कर लिया। पीड़ित के भाई मोडाराम निवासी फलोदी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गोपाल हुड्डा, नरेश, जीवण और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस किडनैप हुए युवक की तलाश में जुटी है। 2. स्कॉर्पियो पर जेसीबी चढ़ाकर हमला, सोने की चेन छीनी प्रताप नगर थाना क्षेत्र के ज्वाला विहार में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गुंडागर्दी की। पीड़ित सुनील विश्नोई ने बताया कि आरोपियों महेन्द्र, मुकेश सिहाग व अन्य ने उसकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोका, मारपीट की और गले से सोने की चैन छीन ली। हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने पीड़ित की गाड़ी पर जानबूझकर जेसीबी चढ़ाकर जानलेवा हमला कर दिया। 3. लड़की की फोटो AI से एडिट कर सोशल मीडिया पर डाली, ब्लैकमेलिंग नागोरी गेट थाना क्षेत्र में साइबर क्राइम वाला मामला सामने आया है। पंकज दायमा नाम के शख्स पर एक युवती की फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से एडिट करके सोशल मीडिया पर अपलोड करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। 4. हाई-सिक्योरिटी सेंट्रल जेल में सर्च, विचाराधीन बंदी से मोबाइल व सिम बरामद रातानाडा थाना क्षेत्र के जोधपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। वार्ड नंबर 04 की बैरक संख्या 1 के बाथरूम में अचानक हुई तलाशी के दौरान विचाराधीन बंदी अन्नाराम उर्फ अनिल विश्नोई के पास से एक मोबाइल और एक सिम कार्ड बरामद हुआ है। 5. वॉट्सएप कॉल पर झांसा देकर 2.35 लाख की ठगी डांगियावास थाना क्षेत्र के खोखरिया फाटक क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाया। अज्ञात बदमाशों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए पीड़ित को झांसे में लेकर 2,35,400 की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। अन्य प्रमुख वारदातें देव नगर थाना क्षेत्र में जितेन्द्र भील की दुकान में घुसकर लाठी-डंडों व हथियारों से मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। उदयमंदिर थाना क्षेत्र के राईका बाग में सुरेंद्र देवासी पर असलम और मोहम्मद अकरम ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बनाड़ थाना क्षेत्र की एक ढाणी से 43 वर्षीय व्यक्ति की भतीजी को अज्ञात आरोपी बहला-फुसलाकर भगा ले गया। रेलवे ट्रैक पार करते हादसा: कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र के झालामंड ओवरब्रिज के पास रेलवे पटरी क्रॉस करते समय 41 वर्षीय भारती राव की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।