जोधपुर में MDM अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी को शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मरीज बनकर अस्पताल पहुंचता और पार्किंग में एकांत में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। मौका मिलने पर वह बाइक का लॉक तोड़कर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं और उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। शास्त्रीनगर थानाधिकारी दिनेश लखावत के नेतृत्व में टीम ने शातिर चोर को चिन्हित कर दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा। आरोपीअभिषेक उर्फ पिंटू (22) पुत्र स्व. हेमाराम विश्नोई, निवासी विश्नोईयों की ढाणी, सांवलता कल्ला, पुलिस थाना रोहट जिला पाली का रहने वाला है। नशे के शौक पूरे करने के लिए करता था चोरी पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय एमडीएम अस्पताल में मरीज बनकर पहुंचता था। परिसर में घूमकर एकांत स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। मरीज के परिजनों द्वारा जल्दबाजी में खड़ी की गई बाइकों को निशाना बनाकर मौका मिलते ही लॉक तोड़ देता था। आरोपी चोरी के तुरंत बाद बाइक को दूर-दराज या सुनसान जगह छिपा देता और मौका मिलते ही बेचकर नशे के शौक पूरे करता था। फिलहाल उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस कार्रवाई में SI शैतान चौधरी, ASI मजीद खां, चंचलप्रकाश, हेड कॉन्स्टेबल जब्बरसिंह, महेन्द्र चौधरी, गंगाराम, फरसाराम (विशेष भूमिका) कांस्टेबल गणपतराम और ईश्वरसिंह (CCTV ऑपरेटर, MDM अस्पताल) शामिल रहे।