जोधपुर नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव अगले सप्ताह होंगे। मेयर पद के नामांकन की आज (शुक्रवार) से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस के दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशी कल यानी शनिवार को नामांकन जमा करवाएंगे। वहीं दोनों दलों की ओर से अभी तक अधिकारिक तौर पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। इधर, मेयर पद के लिए नामांकन नगर निगम के थर्ड फ्लोर पर 307 नंबर रूम में लिए जाएंगे, जिसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बोर्ड बनाने के लिए 100 पार्षदों में से 51 पार्षदों का बहुमत चाहिए। ऐसे में भाजपा को 7 निर्दलीयों का समर्थन मिल चुका है। जबकि कांग्रेस के खेमे में अभी 4 निर्दलीय पार्षद हैं। वहीं जिले की 6 नगर पालिकाओं भोपालगढ़, बिलाड़ा, पीपाड़, बालेसर सत्ता, तिंवरी और मथानिया में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 12 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। इन निर्दलीय पार्षदों ने ली भाजपा की सदस्यता.. भाजपा ने मेयर पद के चुनाव से पहले सात निर्दलीय पार्षदों को दिलवाई भाजपा की सदस्यता इधर, भाजपा ने मेयर पद से पहले सात निर्दलीय पार्षदों को गुरुवार को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में वार्ड 5 से विशाल सांखला, वार्ड 19 से दिनेश शर्मा, वार्ड 20 से चेतन गहलोत, वार्ड 47 से मोहन राम चौधरी, 48 से दुर्गा मेवाड़ा, 78 से निर्मला नायक और वार्ड 81 से स्वरूप सिंह हैं। गुरुवार को प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी भूपेंद्र सैनी और जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल के नेतृत्व में सातों को भाजपा जॉइन करवाई गई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा अपना बोर्ड बनाने के बिल्कुल करीब है। इधर, कांग्रेस के पास 4 निर्दलियों का समर्थन इन निकाय चुनावों में भाजपा के 45 और कांग्रेस के 44 पार्षदों ने जीत हासिल की थी। बाकी 10 निर्दलीय और एक आरएलपी से पार्षद है। ऐसे में 11 में से 7 भाजपा के खेमे में चले गए। वहीं कांग्रेस के पाले में अभी 48 पार्षद हैं। बहुमत के लिए दो और पार्षदों की जरूरत कांग्रेस को पड़ेगी। हालांकि कांग्रेस की ओर से दावा किया जा रहा है कि उनका भी बहुमत पूरा हो जाएगा। इधर, मेयर चुनाव को लेकर क्रॉस वोटिंग की भी पूरी संभावना बनी हुई है। इधर, जिले की 6 निकायों में 12 उम्मीदवार मैदान में, भोपालगढ़ में तीन ने लिए नाम वापस इधर, जिले की 6 नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए 12 उम्मीदवार मैदाान में है। पीपाड़ में दो प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर है। बिलाड़ा में तीन ने नामांकन किए थे लेकिन शुक्रवार को एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया और अब दो उम्मीदवार मैदान में है।
भोपालगढ़ में अध्यक्ष पद के लिए 6 नामांकन मिले थे। जांच के बाद 5 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए, जबकि नामांकन वापसी के दौरान 3 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया। इसके बाद यहां अध्यक्ष पद के लिए 2 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। बालेसर सत्ता में अध्यक्ष पद के लिए 2 नामांकन प्राप्त हुए और दोनों वैध पाए गए। नामांकन वापसी नहीं होने से यहां 2 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार तिंवरी में भी अध्यक्ष पद के लिए 2 नामांकन प्राप्त हुए और दोनों वैध पाए जाने के बाद 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। मथानिया में अध्यक्ष पद के लिए 2 नामांकन प्राप्त हुए तथा दोनों वैध पाए गए। यहां भी चुनावी प्रक्रिया के तहत 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भोपालगढ़ में नामांकन वापसी की संख्या सबसे अधिक रही, जहां 3 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए।