जोधपुर में निकाय चुनाव सहप्रभारी, राज्यसभा सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव ने कहा- ‘जेन जी’ कहना बंद करें, इन्हें युवा कहें। ‘जेन जी’ ऐसा शब्द है, जो हमारी हिस्ट्री में मैच नहीं करता। युवाओं के लिए ‘युवा शक्ति’ या ‘युवा भाई-बहन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। जोधपुर दौरे के दौरान रातानाडा स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव ने यह कहा। संगीता यादव ने कहा- युवा हमारे देश का भविष्य हैं। युवाओं की पहचान को केवल ‘जेन जी’ जैसे शब्दों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर तैयारियों पर बैठक ली। संगीता यादव बाद में सूर्या नमकीन और चौधरी नमकीन की दुकान पहुंचीं। जहां उन्होंने कुछ देर के लिए कचौरी बनाई। इसके बाद उन्होंने काउंटर पर ग्राहकों को कचौरी भी दी। संगीता यादव का यह अंदाज देखकर चौधरी नमकीन पर मौजूद ग्राहक और दुकानदार भी उत्साहित नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने ग्राहकों से कचौरी के पैसे ऑनलाइन लिए। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से बातचीत भी की और लोगों के साथ सहज माहौल में समय बिताया। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में युवाओं की अच्छी भागीदारी बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव ने कहा कि इस बार बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में युवाओं की भागीदारी अच्छी है। उन्होंने कहा-पार्टी के संगठन में युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदारी देने का काम लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी में हमेशा युवाओं को ध्यान में रखा जाता है। प्रधानमंत्री मोदी भी लगातार युवाओं से संवाद कर रहे हैं। संगीता यादव ने कहा कि भाजपा के सांसद और विधायक भी युवाओं के साथ लगातार संवाद करते हैं। उनके मुद्दों को समझने का प्रयास करते हैं। अच्छा काम करने वाले को मिलता है टिकिट संगीता यादव ने कहा कि बीजेपी में टिकटों का बंटवारा स्थानीय स्तर पर सर्वे कराकर किया जाता है। पार्टी कभी भी ऊपर के स्तर पर यह तय नहीं करती। सर्वे के आधार पर जो कार्यकर्ता सबसे अच्छा काम कर रहा होता है, उसकी दावेदारी को ही प्राथमिकता दी जाती है। टिकिट वितरण में स्थानीय कार्यकर्ता को महत्व दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल उम्र के आधार पर टिकट तय करने के बजाय पार्टी स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता की सक्रियता और उसके काम को भी देखेगी। ढाई साल में कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आई संगीता यादव ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में उनके सामने अभी तक कोई बड़ी शिकायत नहीं आई है। कुछ छोटे-मोटे मुद्दे जरूर सामने आए थे। जिन्हें बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया। ऐसे मामलों में सरकार के स्तर और स्थानीय विधायक ने अधिकारियों से बात करके ऐसा समस्याओं का सुलझा लिया गया। संगीता यादव ने पंचायत और निकाय चुनाव को लोकतंत्र का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनाव पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा- यह उनका सौभाग्य है कि स्थानीय चुनाव के इस पर्व में उन्हें भी भागीदारी करने का अवसर मिला है। बीजेपी में 300 से ज्यादा आवेदन आए वहीं, जोधपुर संभाग के चुनाव प्रभारी एवं भाजपा नेता ओंकार सिंह लखावत ने बताया कि नगरीय निकाय चुनावों में दावेदारी को लेकर बीजेपी के पास 1300 आवेदन आए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से आवेदन लेने की प्रक्रिया जारी है। आवेदन प्राप्त होने के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और पार्टी के सदस्यों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके बाद वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित कर संभावित नामों पर रायशुमारी की जाएगी। लोगों के बीच जाकर फीडबैक लेंगे उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि जिस प्रत्याशी की स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ हो और जो जनता के बीच सक्रिय रहा हो, उसके नाम को प्राथमिकता मिले। लखावत ने कहा कि आने वाले तीन दिन में वार्ड स्तर पर बैठकों और रायशुमारी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद पार्टी संगठन के स्तर पर प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों के नामों पर विचार करेगी। इस दौरान शहर विधायक अतुल भंसाली, निकाय चुनाव संभार प्रभारी एवं किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल, पूर्व महापौर घनश्याम आोझा और संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदिया मौजूद रहे।