जोधपुर पुलिस की डीएसटी टीम ने डमी पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। जोधपुर पुलिस की ओर से पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीएसटी ने आरोपी को अनुसंधान के लिए ओसियां पुलिस को सौंप दिया। ओसियां पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को चुनाव के दौरान आमजन में भय उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। शुक्रवार को को डीएसटी टीम गश्त के दौरान खेतासर से खाबड़ा रोड की ओर जा रही थी। इस दौरान टीम को दो-तीन व्यक्ति पिस्टलनुमा हथियार के साथ वीडियो बनाते दिखाई दिए। टीम ने हथियार लेकर खड़े व्यक्ति से पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान जितेंद्र सिंह पुत्र तेजसिंह, निवासी चंडालिया, पुलिस थाना ओसियां, जिला जोधपुर के रूप में बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आमजन में भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से डमी पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। इसके बाद डीएसटी टीम ने आरोपी को अनुसंधान के लिए पुलिस थाना ओसियां के सुपुर्द किया, जहां उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने वालों पर होगी कार्रवाई एसपी ने बताया कि पंचायतीराज चुनावों को देखते हुए सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील्स और फोटो अपलोड कर आमजन में भय पैदा करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने युवाओं से इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणियां, अभद्र भाषा तथा किसी व्यक्ति या वर्ग विशेष को निशाना बनाने वाली सामग्री पोस्ट नहीं करने की अपील की है। चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री डालने, असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और आमजन में भय उत्पन्न करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इनकी रही भूमिका इस कार्रवाई में डीएसटी के सहायक उपनिरीक्षक श्रवणकुमार भंवरिया, हेड कांस्टेबल मदन मीणा, हरेन्द्र लोहरा, मुकन सिंह, श्रवण सिंह और अशोक भाटी, पुलिस थाना ओसियां सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश ढाका की विशेष भूमिका रही।