उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (GM) पंकज शर्मा अपने दो दिवसीय जोधपुर दौरे के दौरान जोधपुर-पाली मारवाड़ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, सिग्नल प्रणाली, ट्रेन संचालन और विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को रेल संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तकनीकी पहलुओं की जांच की निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने जोधपुर-लूनी-पाली मारवाड़ रेलखंड पर रेलवे पटरियों की स्थिति, ट्रैक के जोड़, ट्रेन के संचालन के दौरान लगने वाले झटकों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की। उन्होंने सिग्नल की दृश्यता, चेतावनी एवं गति सीमा संबंधी बोर्ड और किलोमीटर दर्शाने वाले संकेतकों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही रेलखंड पर स्थित अंडरपास और रेलवे फाटकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। फाटकों पर तैनात कर्मचारियों की सतर्कता, निर्धारित गति सीमा के पालन और सिग्नल के अनुरूप ट्रेन संचालन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन करें महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का प्रभावी ढंग से पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के साथ ट्रैक, सिग्नल और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार- इस तरह के निरीक्षणों का उद्देश्य रेलखंड की तकनीकी और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा करना और संभावित कमियों को समय रहते दूर कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ये अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) सुनील कुमार, उपमुख्य निर्माण अभियंता (गति शक्ति) प्रवेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आरएन जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (सामान्य) महेंद्र मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।