पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। राजनीतिक दलों में अब प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही हैं। जोधपुर में जिला परिषद और पंचायत समितियां के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों से बायोडाटा मांगे हैं। जिले के विभिन्न हिस्सों से आकर लोग आवेदन दे रहे हैं। जोधपुर में पावटा सी रोड पर स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को कार्यकर्ताओं की गहमा-गहमी रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनाव में दावेदारी पेश करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी सहित अन्य पदाधिकारियों के सामने बायोडाटा पेश किया। त्रिभुवन सिंह भाटी ने बताया- जोधपुर में 43 जिला परिषद और 23 पंचायत समितियां के लिए उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया चल रही है। उम्मीदवारों के बायोडाटा के एकत्र होने के बाद पैनल बनाया जाएगा। इस पैनल पर विचार करने के बाद तीन लोगों का पैनल बनाकर जयपुर भेजा जाएगा। अंतिम फैसला पार्टी मुख्यालय जयपुर से होगा। सेवा ज्योति यात्रा का किया आयोजन त्रिभुवन सिंह भाटी ने कहा- पार्टी संगठन योग्य, सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर भाजपा को मजबूत बनाने और अधिकाधिक सीटों पर विजय सुनिश्चित के लिए संगठन पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। दशहरा मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पीएम मोदी का वर्चुअली प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी भूपेंद्र सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का नाम पूरी दुनिया में गौरवान्वित किया है। सैनी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में करीब 25 साल के राजनीतिक जीवन में जो कार्य किए हैं, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल हैं। उनके नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ये रहे मौजूद कार्यक्रम के बाद मसाल जुलूस भी निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, महापौर प्रसन्न मेहता, उपमहापौर विजय पंवार, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, ग्रामीण अध्यक्ष त्रिभुवन भाटी, शहर विधायक अतुल भंसाली आदि मौजूद रहे।