राजस्थान में पंचायत चुनाव की घोषणा हो गई है। जोधपुर में जिले में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 6 और दूसरे चरण में 17 पंचायत समितियों के चुनाव होंगे। राजस्थान के इतिहास में पहली बार पंचायत चुनाव एक साथ हो रहे हैं। राज्य सरकार ने ‘एक देश-एक चुनाव’ की तर्ज पर ‘एक प्रदेश-एक चुनाव’ कराने की घोषणा की थी। इधर, परिसीमन में जोधपुर में पंचायत भी 17 से बढ़कर 23 हो गई है। जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के पहले चरण की वोटिंग 23 अक्टूबर और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अक्टूबर को होगी। वही पंच और सरपंच चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 25 अक्टूबर और दूसरे चरण की 31 अक्टूबर को होगी। पंचायत चुनाव में मतदाताओं को दो दिन वोट डालने होंगे। पहले वे जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोटिंग करेंगे। दूसरी बार में पंच, सरपंच के लिए वोट डालने होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के रिजल्ट देवउठनी एकादशी के दिन 20 नवंबर को आएंगे, वहीं जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और प्रधान का चुनाव 27 नवंबर को होगा। जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान की निकल चुकी है लॉटरी जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान पद और 43 जिला परिषद वार्डों की लॉटरी निकाली जा चुकी है। इससे पहले 13 अगस्त को जिला प्रमुख पद के लिए जयपुर में लॉटरी निकाली जा चुकी है। ये पद अनारक्षित ओपन के लिए रिजर्व हुआ है। जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का रिजर्वेशन भी तय हो चुका है। जिले में पंचायत समिति प्रधान के लिए एससी ओपन की 2, एससी महिला की 2, एसटी ओपन की 1 सीट निर्धारित की गई है। वहीं ओबीसी ओपन की 2, ओबीसी महिला की 2 सीटें तय की गई हैं जबकि 7 सीटें अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व की गई हैं। 7 सीट ही अनारक्षित ओपन रहेंगी।