अवैध मादक पदार्थ की तस्करी से बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ जोधपुर के वेस्ट जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों पर कार्रवाई की है। दोनों तस्करों की करीब 46 लाख 9 हजार रुपए की अचल और चल संपत्तियों को सील कर दिया गया है। DCP वेस्ट कमल शेखावत ने बताया- जोधपुर पश्चिम पुलिस की ओर से दो नशा तस्कर जो झंवर थाना क्षेत्र के निवासी है। उनकी अलग-अलग संपत्तियों को सील किया गया है। इनमें एक मकान, तीन वाहन और 6 दुकानें हैं। नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह का अभियान जारी रहेगा। DCP शेखावत ने बताया- पुलिस ने शेखर राम पुत्र श्रीराम निवासी राहड़ो की ढाणी, बड़ला नगर, थाना झंवर जोधपुर की सम्पत्ति सील की है। इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका है। पुलिस ने इसके गांव स्थित एक रिहायशी मकान और 3 वाहन फ्रीज किए हैं। इसके अलावा कानाराम पुत्र रामाराम निवासी ग्राम मेलबा, थाना झंवर जोधपुर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसकी ग्राम मेलबा में स्थित 6 दुकानें अपने कब्जे में ली हैं। अभी तक 6 तस्कों पर हुई कार्रवाई उन्होंने बताया कि अभी तक 6 तस्करों के खिलाफ पीट NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। साल 2026 में 3 हजार 846 किलो NDPS का माल नष्ट किया गया। इसकी कीमत करीब 6 करोड़ है। इसके अलावा 3 करोड़ से अधिक कीमत के जब्त वाहनों का निस्तारण किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस साल 25 प्रतिशत अधिक कार्रवाइयां NDPS एक्ट में की गई है। बता दें कि इस कार्रवाई से पूर्व पुलिस ने जांच रिपोर्ट और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर 15 अक्टूबर 2026 को संपत्तियों को सील करने के आदेश जारी किए गए थे, जिसके तहत 17 अक्टूबर 2026 को यह बड़ी कार्रवाई पूरी की गई।