बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ स्थित अनाज मंडी में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां एक बोलेरो गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। गनीमत रही कि बोलेरो में बैठे चार मजदूरों ने कूदकर अपनी जान बचा ली, ड्राइवर भी सुरक्षित बच गया। अचानक पलटी गाड़ी को देखकर आसपास के मजदूर पहुंचे और उसे सीधा किया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। मंडी प्रशासन की ओर से बोलेरो गाड़ियों से सामान इधर से उधर किया जाता है। इसी में एक गाड़ी शनिवार दोपहर ड्राइवर लेकर निकल रहा था। मोड़ पर भी उसने गाड़ी की स्पीड कम नहीं की, जिससे वो पलट गई। आसपास अनाज से भरी बोरियां पड़ी थी, जिससे एक बार पलट कर ही गाड़ी रुक गई। बोलेरो के पलटते ही एक मजदूर नीचे गिरा, दूसरा मजदूर बोलेरो में लदे अनाज के ऊपर था, वो पास ही पड़ी बोरियों पर जा गिरा। वहीं पीछे खड़ा मजदूर नीचे उतर गया। एक अन्य मजदूर ने भी कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि ड्राइवर भी सुरक्षित है, जिसे गंभीर चोटें नहीं आई हैं। बोलेरो के पलटते ही मजदूर काम छोड़कर उन्हें बचाने दौड़े और सभी ने मिलकर बोलेरो को सीधा किया। इसके बाद अंदर बैठे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस कार्रवाई भी नहीं की गई है। मंडी प्रशासन ने भी किसी तरह का नुकसान नहीं बताया है।