जोधपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी पश्चिम और कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एमडी ड्रग्स तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 66.08 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद कर उसकी मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को डीएसटी पश्चिम की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झालामंड-पाली रोड की तरफ एक युवक बाइक से एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने जा रहा है। इस सूचना पर डीएसटी टीम और कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने झालामंड पाली रोड पर नाकेबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 66.08 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की गई। पुलिस ने मौके से आरोपी अशोक (23 वर्ष) पुत्र मोहनलाल बिश्नोई, निवासी बिड़ासणी थाना डांगियावास, जोधपुर पूर्व को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान लूणी थानाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। कार्रवाई में कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी लेखराज सियाग, डीएसटी पश्चिम प्रभारी महादेव प्रसाद (सउनि), तनसुख (सउनि), हेड कांस्टेबल राजूसिंह, गंगासिंह और कांस्टेबल धीरज मीणा, रामसिंह राजपुरोहित, दुलाराम, डूंगरसिंह, लादूराम, रामेश्वरसिंह तथा अशोक शामिल रहे।