जोधपुर पुलिस की कमिश्नरेट स्पेशल टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरुण को टीम ने सुरपुरा क्षेत्र से पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पंचायत चुनाव में सरपंच के समर्थन में घूम रहा था। टीम ने आरोपी को पुलिस थाना मंडोर को सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार, जोधपुर पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के निर्देश तथा डीसीपी मुख्यालय शहीन सी के सुपरविजन में कमिश्नरेट स्पेशल टीम ने यह कार्रवाई की। टीम प्रभारी एवं सब इंस्पेक्टर मेहराज तंवर के नेतृत्व में आरोपी की तलाश की जा रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने सुरपुरा डेम के पास दबिश देकर उसे पकड़ लिया। तीन थानों में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण पुत्र जयराम निवासी सुरपुरा, सरगरों का बास, थाना मंडोर, जोधपुर शहर (पूर्व) के रूप में हुई है। आरोपी भीलवाड़ा जिले के कोतवाली थाने के 10 हजार रुपए के इनामी प्रकरण में वांछित था। उसके खिलाफ पूर्व में खेड़ापा, मंडोर तथा भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज हैं। इन्हीं मामलों के चलते पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को लंबे समय से तलाश थी पंचायत चुनाव के दौरान आरोपी के एक सरपंच का समर्थन करने की चर्चा के बीच उसकी गिरफ्तारी की बात सामने आई है। इसी दौरान टीम को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में वांछित होने के कारण आरोपी की तलाश की जा रही थी। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। कमिश्नरेट स्पेशल टीम ने उसे पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए मंडोर थाना पुलिस को सौंप दिया।