जोधपुर में शुक्रवार सुबह असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे एसआई पद पर प्रमोशन के लिए फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट के लिए सुबह 7 बजे मंडोर में राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (RPTC) पहुंचे थे। बाड़मेर के नेतराड़ गांव निवासी ASI दुर्गाराम भील (50) दो किलोमीटर की दौड़ पूरी कर चुके थे। इसके बाद उन्हें फिजिकल टेस्ट के अन्य चरणों में शामिल होना था। सुबह करीब 8:30 बजे उनके सीने में अचानक दर्द हुआ और तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें पास के चंद्र मंगल हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टर्स ने कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देने की कोशिश भी की। लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हॉस्पिटल स्टाफ बोला- CPR से पल्स लौटी, फिर चली गई चंद्र मंगल हॉस्पिटल के स्टाफ ने बताया कि जब दुर्गाराम को हॉस्पिटल लाए, तब तक पल्स जा चुकी थी। CPR दिया गया, तब दोबारा पल्स आ गई थी, लेकिन कुछ देर बाद पल्स चली गई। ASI के हैं दो बेटे दुर्गाराम के चाचा सताराम भील ने बताया कि दुर्गाराम गुरुवार को जोधपुर आए थे। उनके दो बेटे हैं और दोनों पढ़ाई करते हैं। फिजिकल टेस्ट में क्या-क्या होता है… SI पद पर प्रमोशन के लिए फिजिकल टेस्ट के तहत अभ्यर्थियों को 2 किमी की दौड़, फिजिकल ट्रेनिंग (PT), परेड और वेपन एक्सरसाइज करवाई जाती है। फिर भीड़ कंट्रोल करने का इंडिविजुअल डेमो होता है। रिटन एग्जाम और फिजिकल के मार्क्स के आधार पर इंटरव्यू कॉल आता है। इस दौरान अभ्यर्थी की सर्विस हिस्ट्री भी देखी जाती है। इन सभी के आधार पर फाइनल मार्क्स जारी होते हैं। बता दें कि RPTC में एसआई पद पर प्रमोशन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी। राजस्थान में पिछले महीने हार्ट अटैक से हुई 2 ASI की मौत नाइट ड्यूटी कर सोए ASI की हार्ट अटैक से मौत 30 सितंबर को ब्यावर के साकेत नगर थाने में पोस्टेड एएसआई डगराराम (56) की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। वे नाइट ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे में सोए थे। सुबह बाहर नहीं आए तो साथी पुलिसकर्मी ने जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्हें तुरंत अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें) थाने में ASI की हार्ट अटैक से मौत कोटा में नगर निगम चुनाव से एक दिन पहले 10 सितंबर को चुनाव ड्यूटी के दौरान पुलिस थाने में ASI राधेश्याम सांखला (52) की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। राधेश्याम पुलिस मोबाइल पार्टी में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। ASI राधेश्याम कोटा के आरके पुरम थाने में तैनात थे। (पूरी खबर पढ़ें)