जोधपुर पुलिस ने चोरी और गुम हुए 150 मोबाइल बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 25 लाख रुपए हैं। बरामद किए गए मोबाइल को उनके मालिकों को वापस लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया- शहर में लगातार सामने आ रही मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया था। इसके तहत ईस्ट जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रिपोर्ट और शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइलों की लोकेशन ट्रैक की गई। 150 फोन बरामद करने में सफलता मिली। पूरे नेटवर्क की जांच होगी जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद किए गए कई मोबाइल सेकंड-हैंड फोन बेचने वालों के पास मिले हैं। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। इस पूरे मामले में किसी भी दुकानदार या बिचौलिए की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, लंबे समय से खोए हुए मोबाइल वापस मिलने की सूचना पर पहुंचे मालिकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई का आभार व्यक्त किया।