भारतीय वायु सेना के एकमात्र परमवीर चक्र विजेता शहीद फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की याद में रविवार को जोधपुर में सेखों इंडियन एयरफोर्स हाफ मैराथन का आयोजन हुआ। बरकतुल्ला खान स्टेडियम से शुरू हुई इस दौड़ में शहरवासियों, वायुसेना के जवानों और विद्यार्थियों सहित 3500 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन में जोधपुर की जनता का जबरदस्त रिस्पांस देखने को मिला। इसमें 250 से ज्यादा विदेशी धावकों और 150 से ज्यादा स्कूली बच्चों की मौजूदगी खास आकर्षण का केंद्र रही। तीन कैटेगरी में हुई दौड़ मैराथन का आयोजन 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में किया गया। स्टेडियम से शुरू होकर यह दौड़ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। पूरी दौड़ के दौरान फिटनेस, अनुशासन, एकता और देशभक्ति का संदेश देखने को मिला। एयर फोर्स स्टेशन के चीफ एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर ग्रुप कैप्टन त्रिलोक शर्मा ने बताया मैराथन को लेकर जोधपुर के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया और इस आयोजन को यादगार बनाया। ग्रुप कैप्टन मनोज यादव ने कहा यह आयोजन भारतीय वायु सेना और जोधपुर शहर का एक साझा प्रयास था। विदेशी मेहमानों और बच्चों की भागीदारी ने टीम भावना की एक मिसाल पेश की है। आयोजन को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए भारतीय वायु सेना और पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा और ट्रैफिक इंतज़ाम किए गए थे। देश के कई प्रमुख शहरों में एक साथ आयोजित इस मैराथन ने जोधपुर में देशभक्ति और सेहत का माहौल बना दिया।