जोधपुर में 13 साल के बच्चे ने सुसाइड कर लिया। बच्चा सिर दर्द के बहाने स्कूल से छुट्‌टी लेकर घर आया था। घर आकर फांसी का फंदा लगा लिया। परिजन बच्चे को हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र का है। थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि अग्निहोत्री कॉलोनी चौपासनी में रहने वाले बच्चे ने सुसाइड किया है। परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 27 अगस्त की दोपहर 12 बजे के करीब बच्चा स्कूल से सिर दर्द का कहकर छुट्‌टी लेकर घर आया था। इसके बाद कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। परिजनों का कहना है कि बच्चा मोबाइल ज्यादा चलाता था। मोबाइल पर गेम खेलने की लत थी। संभवतः इसके चलते डिप्रेशन में आकर उसने सुसाइड कर लिया। हालांकि मृतक कौनसा गेम खेलता था और असल वजह क्या थी इसको लेकर पुलिस की जांच में स्पष्ट हो सकेगा।