मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को जोधपुर दौरे के दौरान बावड़ी क्षेत्र के केलावा खुर्द​ स्थिति रघुवंशपुर आश्रम पहुंचे, जहां वे जहां संत मुरलीधर महाराज के सानिध्य में आयोजित श्रीरामकथा और नवकुंडीय यज्ञ में शामिल हुए। सीएम ने भगवान श्रीराम के जीवन को आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि रामायण में जीवन का सार समाहित है। इसके बाद उन्होंने पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पाली सांसद पीपी चौधरी और मंत्री जोगाराम पटेल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा- संत-महात्मा, ऋषि-मुनि और कथावाचक समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। वे लोगों को अच्छे-बुरे का भेद समझाते हुए जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- उनका संतों और धार्मिक आयोजनों से पुराना जुड़ाव रहा है। इस दौरान वे बोले- उनके पिता भी संत मुरलीधर महाराज की कथाएं सुनने के लिए विभिन्न स्थानों पर जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें कहीं रामकथा, भागवत कथा या हनुमान कथा के आयोजन की जानकारी मिलती है, तो वे वहां जाने का प्रयास करते हैं। सीएम बोले- रामायण में जीवन का सार समाहित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने भगवान श्रीराम के जीवन को आदर्श बताते हुए कहा कि रामायण में जीवन का सार समाहित है। उन्होंने कहा कि पहले घरों में बड़े-बुजुर्ग रामायण के प्रसंग, ऋषि-मुनियों की शिक्षाएं और महापुरुषों की प्रेरक कथाएं सुनाया करते थे। इन परंपराओं के माध्यम से नई पीढ़ी को संस्कार मिलते थे, लेकिन धीरे-धीरे यह परंपरा कमजोर होती जा रही है। केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले-भारत अध्यात्म, संस्कृति और विविधताओं की धरती कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत अध्यात्म, संस्कृति और विविधताओं की धरती है। यहां भाषा, बोली, आस्था, खानपान और पहनावे में कई भिन्नताएं हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसे सांस्कृतिक तत्व मौजूद है, जो हजारों वर्षों से देश को एक सूत्र में बांधे हुए है। प्रभु श्रीराम इन्हीं प्रमुख तत्वों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन बाल्यावस्था से लेकर उनकी लीला समाप्त होने तक मर्यादा और आदर्शों का संदेश देता है। जीवन के विभिन्न चरणों में उन्होंने जिन भूमिकाओं का निर्वहन किया। वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हजारों वर्ष बीत जाने के बाद भी उनके आदर्श प्रासंगिक है और भारतीय संस्कृति को दिशा प्रदान करते हैं। कार्यकर्ताओं से किया संवाद, पंचायत चुनाव पर की चर्चा जोधपुर दौरे के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने भाजपा देहात के कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद किया। उन्होंने भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के साथ मिलकर पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ समन्वय बनाए रखना जरूरी है। इसके साथ ही गांवों तक सरकार की योजनाएं भी पहुंचाई जाएं।