सेठ आरएल सहरिया राजकीय पीजी महाविद्यालय, कालाडेरा के प्राचार्य प्रोफेसर जयभारत सिंह को राजस्थान के भूगोल विषय से जुड़े शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों के प्रतिष्ठित संगठन ‘राजस्थान भूगोल परिषद’ का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं महाविद्यालय के भूगोल विभाग से जुड़े डॉ. सुरेश चंद्र जाट को परिषद का जॉइंट सेक्रेटरी चुना गया है। प्रोफेसर सिंह का राजस्थान भूगोल के अकादमिक क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान रहा है। इस अवसर पर राजस्थान के भूगोल विषय से जुड़े शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित कालाडेरा महाविद्यालय परिवार ने प्रोफ़ेसर जयभारत सिंह और डॉ. सुरेश चंद्र जाट को भी ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के लिए शुभकामनाएं दी गई। महाविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. जयभारत सिंह के नेतृत्व से राजस्थान भूगोल परिषद अकादमिक विमर्श, शोध, नवाचार तथा भूगोल विषय के विकास के लिए नई ऊंचाइयां स्थापित करेगी। महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कार्मिकों तथा विद्यार्थियों ने दोनों शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना की। महाविद्यालय परिवार के लिए यह अवसर केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि कालाडेरा की शैक्षिक पहचान और राजस्थान के उच्च शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का क्षण है।