कानोड़ के पास लूणदा गांव के इमली मोड़ पर सड़क हादसे में स्कूल टीचर अशोक कुमार मीणा की मौत हो गई। बाइक पर सवार रिश्तेदार अंकित मीणा घायल हो गए। नाहरपुरा के सरकारी स्कूल में कार्यरत टीचर अशोक कुमार मीणा अपने रिश्तेदार अंकित मीणा के साथ कानोड़ स्थित अपने घर जा रहे थे। अंकित दौसा जिले के कसेरा गांव के रहने वाले हैं और अशोक से मिलने आए थे। सड़क से नीचे उतरकर खेत में गिरी बाइक स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों बाइक से घर के लिए निकले थे। इसी बीच लूणदा के इमली मोड़ के पास अचानक बाइक बेकाबू हो गई। बाइक सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा गिरी और दोनों सवार पत्थर से टकरा गए। हादसा इतना गंभीर था कि टीचर अशोक कुमार मीणा को गंभीर चोटें लगीं और उनकी मौके पर ही जान चली गई। वहीं, अंकित मीणा घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल दोनों युवकों की पहचान करने की कोशिश की और उनकी हालत देखी। ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने टीचर अशोक कुमार मीणा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अंकित मीणा का इलाज शुरू किया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर कानोड़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिवार को भी घटना की जानकारी दी। मृतक टीचर अशोक कुमार मीणा मूल रूप से दौसा जिले के कसेरा गांव के रहने वाले थे।