करौली में एएनएम प्रशिक्षण सत्र 2026-27 में एडमिशन के लिए मंगलवार को काउंसलिंग हुई। स्वास्थ्य भवन परिसर के सभागार में 45 सीटों के लिए 5 गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों की हाजिरी लगाई गई और उनके मूल दस्तावेजों की जांच की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि एडमिशन के लिए काउंसलिंग की तारीख और वर्गवार कटऑफ पहले ही जारी कर दी गई थी। तय प्रक्रिया के तहत ही चुने गए अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। काउंसलिंग में अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों समेत सभी जरूरी मूल दस्तावेजों की जांच हुई। दस्तावेज जांच पूरी होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों के एडमिशन की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। काउंसलिंग को सही तरीके से पूरा करने में एसीएम करौली, आरसीएचओ डॉ. दीपिका मीणा, एएनएम ट्रेनिंग सेंटर प्रभारी कैलाश चंद, प्रशासनिक अधिकारी शेर सिंह मीणा, कनिष्ठ सहायक राहुल मीणा, लक्ष्य मीणा और कार्यालय के कर्मचारियों ने मदद की।