करौली में पंचायत चुनाव की सामग्री लेने गए एक पिकअप वाहन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। यह हादसा करौली लौटते समय करौली-गंगापुर मार्ग पर बीजलपुर-भड़क्या के बीच हुआ। दुर्घटना में पिकअप में सवार 4 कर्मचारी घायल हो गए। इनमें से 2 को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। भंवर सिंह और पप्पू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एडीएम जगदीश प्रसाद गौड़ अस्पताल पहुंचे और घायलों से जानकारी ली। सभी घायल करौली कलेक्ट्रेट में काम करते हैं। घायल कर्मचारी भंवर सिंह ने आरोप लगाया कि पिकअप की एक हेडलाइट खराब थी। कम रोशनी और सड़क पर कम दृश्यता के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली साफ नहीं दिखी, जिससे टक्कर हुई। पुलिस प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।