करौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एक क्राइम बैठक हुई। इसमें जिले की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों को निपटाने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी की समीक्षा की गई। नशे के खिलाफ कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनाव को देखते हुए शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। यातायात नियमों का ठीक से पालन कराने पर भी बात हुई। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने अधिकारियों को अपराध रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इलाकों की कानून व्यवस्था की दी जानकारी इस दौरान करौली एएसपी रामकुमार कस्वां और हिंडौन एएसपी डॉ. कमल राम मौजूद रहे। इनके साथ जिले के सभी डीएसपी और थाना अधिकारी भी शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने इलाकों की कानून व्यवस्था और अपराध की जानकारी दी। अधिकारियों को लंबित केसों को समय पर निपटाने और फरार वारंटियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने को कहा गया। नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी सोनवाल ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने पर जोर दिया।