करौली में राजस्थान युवा कांग्रेस के चुनाव नतीजे आने के बाद जिले की कांग्रेस राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर राजेंद्र मनेमा ने जीत हासिल की। उन्होंने खेमसिंह मीना को 59 वोटों के अंतर से हराया। मनेमा को 14,010 और खेमसिंह को 13,951 वोट मिले। जिले के कांग्रेस नेताओं के समर्थित उम्मीदवार आमने-सामने होने से नतीजे राजनीतिक रूप से अहम माने जा रहे हैं। मनेमा की जीत को पूर्व कैबिनेट मंत्री रमेश मीना खेमे के लिए संगठनात्मक बढ़त माना जा रहा है। युवा कांग्रेस चुनाव के लिए मार्च-अप्रैल में सदस्यता अभियान चला था। करीब 5 महीने बाद नतीजे घोषित हुए। करौली जिले में कुल 56,403 वोट पड़े, जो पहले 20 हजार तक नहीं पहुंचे थे। जांच प्रक्रिया में राजेंद्र मनेमा के करीब 11 हजार वोट खारिज या रोके गए, फिर भी वे 59 वोट आगे रहे।