अलवर के जीआरपी थाना क्षेत्र स्थित घाटला रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अलवर के सामान्य अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इलाज के सिलसिले में बहन के घर रह रही थी जीआरपी थानाधिकारी अंजू महिंद्रा ने बताया कि मृतका की पहचान लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के हरसाना गांव निवासी बस्कर (35) पत्नी शरीफ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बस्कर पिछले करीब एक साल से मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और उसका इलाज अलवर से चल रहा था। इसी सिलसिले में वह पिछले 15 दिनों से खैरथल के घाटला में अपनी बहन के घर आई हुई थी। तड़के 3 बजे स्टेशन मास्टर ने दी सूचना पुलिस के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे घाटला स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को रेलवे ट्रैक पर हादसा होने की सूचना दी। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की। मृतका के एक 15 साल का बेटा और 13 साल की बेटी है। मां की अचानक हुई मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जीआरपी थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।