उदयपुर में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से विजयादशमी के मौके पर पथ संचलन हुआ। सूरजपोल स्थित आरसीए खेल मैदान से पथ संचलन शुरू हुआ। यहां पहले स्वंयसेवकों ने एकजुट होकर शस्त्रपूजन और बौद्धिक कार्यक्रम किया। इसके बाद सभी शहर के प्रमुख मार्गों से कदम ताल कर निकले। पथ संचलन सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट दरवाजा, हाथीपोल और चेतक चौराहे सहित कई प्रमुख रास्तों से गुजरा। मार्ग में विभिन्न समाजों के लोगों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। आरसीए खेल मैदान में हुआ विजयादशमी उत्सव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उदयपुर महानगर के संघचालक गोविंद अग्रवाल के अनुसार, विजयादशमी उत्सव की शुरुआत सूरजपोल स्थित आरसीए खेल मैदान से हुई। पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक सुबह 7:45 बजे जमा हो गए। इसके बाद अतिथियों ने शस्त्र पूजन किया। साथ ही बौद्धिक कार्यक्रम भी हुआ। उत्सव और पथ संचलन के लिए मैदान और प्रवेश द्वार को सजाया गया था। प्रवेश द्वार पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई। कार्यक्रम में समाज के विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया गया था। उनके लिए मंच के दोनों ओर अलग से व्यवस्था की गई थी। आरसीए मैदान से शुरू होकर इन मार्गों से गुजरा पथ संचलन विजयादशमी उत्सव के बाद सुबह 10:15 बजे पथ संचलन शुरू हुआ। आरसीए खेल मैदान से निकलकर स्वयंसेवक सूरजपोल पहुंचे। इसके बाद बैंक तिराहा और बापू बाजार होते हुए दिल्ली दरवाजा पहुंचे। यहां से पथ संचलन हाथीपोल, चेतक चौराहा और कोर्ट चौराहे की ओर बढ़ा। आगे स्वयंसेवक शास्त्री चौराहा और सभापति भवन होते हुए शक्ति नगर स्थित सनातन मंदिर पहुंचे। इसके बाद पथ संचलन श्रमजीवी महाविद्यालय से होकर वापस आरसीए खेल मैदान पहुंचा। अलग-अलग जगहों पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत पथ संचलन के मार्ग में विभिन्न समाजों के लोगों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वयंसेवकों का स्वागत किया। अलग-अलग स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई। विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन के लिए संघ की ओर से समाजजनों सहित 30 विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया गया था। आरसीए परिसर में रही पार्किंग व्यवस्था कार्यक्रम में आने वाले लोगों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग आरसीए परिसर में रखी गई थी। संघ की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई थी।