नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर खैरथल में सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव परिणाम के बाद सामने आ रहे घटनाक्रम और खैरथल बंद के बीच शनिवार देर शाम कांग्रेस के दो विधायक सहित जिलास्तरीय पदाधिकारी खैरथल थाने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को लिखित पत्र सौंपकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नवनिर्वाचित पार्षदों और उनके परिजनों को कथित रूप से परेशान किए जाने पर कार्रवाई की मांग की। ललित यादव ने आरोप लगाया कि सभापति चुनाव में हार के डर से सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोग निर्दलीय और कांग्रेस पार्षदों के परिजनों पर दबाव बना रहे हैं तथा उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं। वहीं किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खैरिया ने भी पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि उनके पार्षदों के परिजनों के खिलाफ प्रशासनिक दबाव में कोई अनुचित कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। इस दौरान जिला प्रभारी पुष्पेंद्र धाबाई, विधानसभा प्रभारी देव कसाना, मुंडावर विधायक ललित यादव, किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खैरिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अजित यादव, शहर अध्यक्ष शिवचरण गुप्ता, पूर्व प्रधान रोहिताश चौधरी, विजेंद्र महलावत सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।