खैरथल को अतिक्रमण और जाम से मुक्त कराने के लिए नगर परिषद का अभियान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। परिषद की टीम ने पांच जेसीबी मशीनों के साथ मातोर रोड, अग्रसेन मार्ग, रेलवे स्टेशन रोड सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए। इस दौरान चबूतरे, टीन शेड और अन्य अस्थाई निर्माण जेसीबी से हटाए गए। टीम पहुंचने से पहले हटाया सामान कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने नगर परिषद की टीम पहुंचने से पहले ही सड़क किनारे रखा अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। वहीं, कार्रवाई देखने के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ भी जुट गई। परिषद की टीम ने सार्वजनिक रास्तों और सड़क किनारे आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया। नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी भी अभियान के दौरान टीम के साथ मौजूद रहे। उनके निर्देश पर शहर के अलग-अलग मार्गों पर कार्रवाई जारी रही। सभापति ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के की जा रही है। शहर को अतिक्रमण और जाम से मुक्त करने के बाद यातायात व्यवस्था और शहर की अन्य प्लानिंग पर काम किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान JEN मोतीलाल वर्मा, अतिक्रमण हटाओ दस्ता प्रभारी हवासिंह, नगर परिषद कर्मचारी मनोज चौधरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खैरथल पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही। पहले दिन रेलवे फाटक से किशनगढ़बास रोड तक हुई थी कार्रवाई नगर परिषद ने अभियान की शुरुआत गुरुवार को रेलवे फाटक से किशनगढ़बास रोड तक की थी। पांच जेसीबी मशीनों से करीब छह घंटे तक चली कार्रवाई में सड़क किनारे बने चबूतरे और बाहर रखा सामान हटाया गया था। सालों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर पसरे अतिक्रमण के खिलाफ परिषद के इस अभियान को लेकर शहरवासियों में भी चर्चा है। निकाय चुनाव के दौरान अतिक्रमण और जाम की समस्या प्रमुख मुद्दों में शामिल रही थी। शहरवासियों ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए अभियान को लगातार जारी रखने की मांग की है।