खैरथल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम एवं सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ के संबोधन का प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब वे पीछे मुड़कर देखते हैं तो उनके मन में केवल कृतज्ञता का भाव आता है। उन्होंने कहा कि जीवन में मिलने वाली हर परिस्थिति और हर व्यक्ति ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया है। उन्होंने कहा कि हर संकट उनके धैर्य की परीक्षा रहा, जबकि हर सफलता ने उनके दायित्व को और बढ़ाया। रथ में सवार होकर निकली सेवा ज्योति सभा के बाद अनाज मंडी प्रांगण से विशाल सेवा ज्योति यात्रा रवाना हुई। कार्यक्रम में सेवा ज्योति की मशाल प्रज्वलित कर उसे रथ में स्थापित किया गया। रथ खैरथल के मुख्य बाजार से होते हुए मातोर रोड स्थित हनुमान चौराहा पहुंचा। यहां सेवा ज्योति मशाल को स्थापित किया गया। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में खैरथल-तिजारा जिला प्रभारी एवं पूर्व युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अशोक सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, खैरथल नगर परिषद सभापति विक्की चौधरी, जिला महामंत्री अनूप यादव, पवन यादव व इन्द्र यादव, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, भाजपा नेता तेजसिंह सैनी, संदीप वलेचा, रवि रसगोन सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।