खैरथल-तिजारा जिले में नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को किशनगढ़बास, मुंडावर, टपूकड़ा और कोटकासिम नगर पालिकाओं के मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण के बाद सभी दलों को ईवीएम और जरूरी चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने मतदान दलों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से चुनाव आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने और मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही से बचने को कहा। मतदान प्रक्रिया के हर चरण को समझने के निर्देश किशनगढ़बास में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी ध्यान से समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री की सुरक्षा मतदान दल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कर्मचारियों को राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी करने के लिए कहा गया। मॉक पोल से लेकर EVM सील करने तक दी जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट ने मुंडावर के मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया का प्रत्येक चरण अहम है। मतदान शुरू होने से पहले मॉक पोल सहित सभी जरूरी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जानी चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को ईवीएम के संचालन, मॉक पोल, मतदाताओं की पहचान और मतदान एजेंटों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा चुनाव से संबंधित रिकॉर्ड तैयार करने, ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री को सील करने तथा मतदान समाप्त होने के बाद अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। मतदान दलों को EVM और चुनाव सामग्री वितरित प्रशिक्षण पूरा होने के बाद मतदान दलों को ईवीएम के साथ जरूरी चुनाव सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों ने मतदान दलों को समय पर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों की ओर से चुनाव प्रक्रिया को लेकर पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी अधिकारियों ने समाधान किया। इस दौरान चुनाव एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और मतदान दलों में शामिल कर्मचारी मौजूद रहे।