साइबर फ्रॉड के मामलों में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को जैरोली थाना पुलिस और डीएसटी खैरथल-तिजारा ने गिरफ्तार किया है। ये बदमाश सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में थौंस निवासी समयदीन (32) और बेरला निवासी मुबारिक (28) शामिल हैं। समयदीन पर 20 हजार और मुबारिक पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा था। इसी के तहत जैरोली पुलिस और डीएसटी को इन दोनों को गिरफ्तार करने के निर्देश मिले थे। टीमों ने जानकारी जुटाकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, मुबारिक के खिलाफ जैरोली थाने में कई धाराओं में मामले दर्ज हैं। समयदीन पर साइबर फ्रॉड के अलावा गोतस्करी और दूसरे मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि समयदीन पहले गोतस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमनलाल मीणा और तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने मार्गदर्शन दिया। डीएसटी प्रभारी गौरव और जैरोली थानाधिकारी हनुमान यादव के नेतृत्व में पुलिस और डीएसटी की टीम ने आरोपियों को पकड़ा।