खैरथल-तिजारा जिला सचिवालय में मंगलवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई। बैठक में जल जीवन मिशन सहित जिले में चल रहे पेयजल से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम में तेजी लाने और लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत कलेक्टर ने एफएचटीसी (फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन) की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने आगामी माह के लक्ष्य निर्धारित कर अगली बैठक से पहले उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन के वित्तीय क्लोज की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी करने और सुजलाम भारत ऐप पर जियोटैगिंग का कार्य भी पूरा कराने को कहा। 502 गांवों में कार्यादेश, 92,784 कनेक्शन जारी अधीक्षण अभियंता धर्मवीर सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में 548 गांव स्वीकृत हैं। इनमें से 502 गांवों के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। इन कार्यादेशों के तहत कुल 1,27,675 जल कनेक्शन किए जाने हैं, जिनमें से अब तक 92,784 कनेक्शन जारी हो चुके हैं। शेष 46 गांव नॉन-फिजिबल अथवा शहरी क्षेत्र में आने के कारण उनके लिए निविदा प्रक्रिया नहीं की जा सकती। जारी कार्यादेशों में से 322 गांवों की योजनाओं में 100 प्रतिशत जल कनेक्शन किए जा चुके हैं, जबकि 106 गांवों की योजनाओं के हर घर जल प्रमाणपत्र प्राप्त हो चुके हैं। 353 गांवों का काम भौतिक रूप से पूरा अधिकारियों के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत 353 गांवों का कार्य भौतिक रूप से पूर्ण हो चुका है। इनमें 322 गांवों की हर घर जल रिपोर्ट ऑनलाइन की जा चुकी है तथा 106 गांवों को ऑनलाइन हर घर जल प्रमाणित किया गया है। 106 गांवों की योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित भी की जा चुकी हैं। कलेक्टर अतुल प्रकाश ने योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग से समन्वय कर लंबित विद्युत कनेक्शनों की कार्रवाई जल्द पूरी कराने को भी कहा, ताकि जल जीवन मिशन के कार्य प्रभावित न हों। टपूकड़ा और खैरथल में भी योजनाएं प्रगति पर बैठक में बताया गया कि अमृत 2.0 के तहत शहरी योजना टपूकड़ा तथा एनसीआर परियोजना के अंतर्गत खैरथल शहर में पेयजल संबंधी कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।