नगर परिषद खैरथल में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को पहली बार खैरथल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सीएम दोपहर करीब 2 बजे खैरथल में इस्माईलपुर रोड स्थित होटल ग्रीनलैंड पहुंचेंगे। यहां वे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, तहसीलदार लालचंद वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों तक अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने बताया- मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ‘ग्रेटर खैरथल’ की दिशा में प्रस्तावित कार्य की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि खैरथल को लेकर लंबे समय से चली आ रही चर्चाओं और अफवाहों पर भी मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पूर्व विधायक ने इसे शहर के लिए बड़ी सौगात बताया है। भाजपा नेताओं ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेता और पदाधिकारी भी तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, किशनगढ़बास नगरपालिका चेयरमैन विश्वास यादव, भाजपा नेता शम्मी चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व उपसभापति वरुण डाटा और भाजपा नेता मिलन यादव सहित अन्य नेताओं ने होटल ग्रीनलैंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।