मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खैरथल दौरे के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पलटवार किया है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अलवर और खैरथल-तिजारा क्षेत्र में विकास के नाम पर सिर्फ घोषणाएं हो रही हैं। जूली ने कहा कि करोड़ों की योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण अच्छी बात है, लेकिन सरकार को पुरानी घोषणाओं का हिसाब भी देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुरानी घोषणाएं पूरी नहीं हुईं, तो नए शिलान्यास का क्या मतलब है? नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि अलवर, खैरथल-तिजारा और बहरोड़-कोटपुतली क्षेत्र की कई पुरानी घोषणाओं की स्थिति साफ नहीं है। उन्होंने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, कहा कि जमीनी हकीकत और सरकार के दावों में अंतर है। जूली ने कहा कि जनता अब सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाला विकास चाहती है। सरकार को पहले पुराने वादों का हिसाब देना चाहिए।