झालावाड़ के खानपुर क्षेत्र में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेचे गए गेहूं का भुगतान 4 महीने से नहीं मिला है। इसे लेकर कांग्रेस विधायक सुरेश गुर्जर ने मंगलवार को किसानों के साथ उपखंड अधिकारी (SDM) खानपुर को ज्ञापन सौंपा। विधायक गुर्जर ने बताया कि खानपुर क्रय-विक्रय सहकारी समिति के जरिए गेहूं बेचने वाले 297 किसानों के करीब 7 करोड़ 62 लाख रुपए बकाया हैं। भुगतान नहीं मिलने से किसानों को आर्थिक परेशानी हो रही है। ज्ञापन में प्रशासन से तुरंत बकाया राशि किसानों के बैंक खातों में जमा कराने की मांग की गई। भुगतान में देरी और अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई करने को भी कहा गया। विधायक गुर्जर ने कहा कि किसानों को समय पर अपनी उपज का पैसा मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि जब तक भुगतान नहीं होता, वे इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाते रहेंगे।