नागौर में ट्रेलर और मिनी ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में ट्रेलर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा ड्राइवर घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रेलर रॉन्ग साइड में पहुंच गया था और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया। नींद की झपकी आने के कारण हादसा माना जा रहा है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे नेशनल हाईवे-62 पर खींवसर थाना क्षेत्र के अहमदपुरा के पास हुआ। अहमदपुरा के पास आमने-सामने भिड़े ट्रेलर और टाटा 407 खींवसर थाने के ASI ओमप्रकाश ने बताया - खींवसर थाना क्षेत्र के अहमदपुरा के पास ट्रेलर और मिनी ट्रक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। ट्रेलर नागौर से जोधपुर की तरफ जा रहा था और उसके पीछे टैंकर जुड़ा हुआ था। वहीं, सामने से नागौर की ओर जा रही टाटा 407 में जोधपुरी पत्थर भरे हुए थे। हादसे में ट्रेलर ड्राइवर गोपाल पुत्र देशराज (37), निवासी मलोट (मुक्तसर, पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई। टाटा 407 का ड्राइवर घायल हो गया। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाया, घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया हादसे की सूचना मिलने पर खींवसर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर खींवसर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, घायल टाटा 407 चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर चालक गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। रॉन्ग साइड में पहुंचा ट्रेलर, नींद आने की आशंका खींवसर थाने के ASI ओमप्रकाश ने बताया - प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर रॉन्ग साइड में जाकर सामने से आ रहे टाटा 407 से टकराया। प्राथमिक तौर पर ड्राइवर को नींद आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को खींवसर थाने में खड़ा करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।