किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया। खोहाबास निवासी तौफीक ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उसका और उसके भाई इमरान का रास्ता रोका। आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। इसके बाद इमरान को कट्टे की नोंक पर धमकाकर क्रेटा कार में जबरन बैठाकर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तौफीक ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई इमरान के साथ कार से मांचा से खोहाबास जा रहा था। पेट्रोल पंप के सामने एक बिना नंबर की क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोकने की कोशिश की। तभी पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इससे दोनों भाइयों को गाड़ी रोकनी पड़ी। इसके बाद क्रेटा और स्कॉर्पियो से करीब 5 से 7 लोग नीचे उतरे। उन्होंने तौफीक और इमरान के साथ मारपीट शुरू कर दी। तौफीक के अनुसार, परवीन और अल्ताफ उर्फ अल्तु ने कट्टे की नोंक पर इमरान को डराया-धमकाया। फिर अन्य लोगों के साथ मिलकर इमरान को जबरन क्रेटा कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। मन्नाका निवासी बाबर पर तौफीक का मोबाइल फोन जबरन छीनने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता तौफीक ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे भी स्कॉर्पियो में डालकर ले जाने की कोशिश की। लेकिन उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों के आने के बाद वह आरोपियों के चंगुल से बच पाया। जिस युवक इमरान को ले जाने का आरोप है, वह पेशे से वकील बताया जा रहा है। किशनगढ़बास थाना प्रभारी नेहा मीणा ने बताया -यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।