जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) रशपाल कुमार और बाबी चंद की मौत ने अब बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। 11 नवंबर को देहरना और कियार गांव के बीच दोनों पुलिसकर्मियों के शव मिले थे। अब इस मामले में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, भाजपा का पलटवार

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने दावा किया कि दोनों SPO सादी वर्दी में शिकार करने निकले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना ने उन्हें आतंकी समझकर गोली मार दी। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, नेता विपक्ष और भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने कांग्रेस के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आतंकियों को क्लीन चिट देने की साजिश रच रही है और बलिदानियों को 'शिकारी' बताकर उनके परिवार की भावनाओं का अपमान कर रही है।

सेना और पुलिस का क्या है कहना?

दूसरी ओर, सेना का स्पष्ट कहना है कि दोनों SPO स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के साथ तैनात थे और मड़वा के धरना पोस्ट की ओर जा रहे थे। सेना के अनुसार, आतंकियों ने घात लगाकर उन पर हमला किया, उनकी हत्या की और उनके हथियार भी लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं और उनकी गिरफ्तारी पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

शवों को लाने के तरीके पर भी विवाद

शहीद हुए SPO के शवों को उनके गांव तक पहुंचाने के तरीके को लेकर भी विरोध प्रदर्शन हुआ। भाजपा विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर को बिना ताबूत के डंपर में रखकर गांव लाया गया, जो शहीदों का अपमान है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें विधायक पुलिस अधिकारियों को इस लापरवाही के लिए फटकार लगाती नजर आ रही हैं। कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि ग्रामीणों को खुद स्ट्रेचर और सफेद कपड़ों का इंतजाम करना पड़ा। शुक्रवार को रशपाल सिंह और बॉबी चंद का उनके पैतृक गांव डच्छन के केयार में अंतिम संस्कार कर दिया गया।