कोटा कोतवाली थाना पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी का सुराग लगा था। आरोपी की पहचान देवा भील (18) निवासी रथकांकरा, बोराबास, आरकेपुरम थाना क्षेत्र, कोटा शहर के रूप में हुई है। बाजार से आधे घंटे में उड़ा ले गए बाइक पुलिस के अनुसार, दादाबाड़ी विस्तार योजना निवासी जितेन्द्र जैन ने रिपोर्ट दी थी कि वह अपनी ब्लैक एक्टिवा स्कूटी लेकर अग्रसेन बाजार सामान लेने गए थे। करीब आधे घंटे बाद लौटे तो स्कूटी गायब मिली। आसपास और पार्किंग स्थलों पर तलाश करने के बाद भी स्कूटी नहीं मिली। इस पर 8 अक्टूबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर थानाधिकारी देशराज सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने निजी CCTV कैमरों और अभय कमांड सेंटर के फुटेज खंगाले। आरोपी के हुलिए के आधार पर तलाश की गई और मुखबिर की सूचना पर देवा भील को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।