कोटा के नयापुरा इलाके में आर्मी कैंट के हल्दीघाटी क्षेत्र में बुधवार को घास कटिंग कर रहे एक युवक को सांप ने डस लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गए। युवक दिलखुश रेगर (24) कोटा के नयागांव का रहने वाला है। फिलहाल नयापुरा इलाके में किराए के मकान में रहता है और मजदूरी का काम करता है। युवक ने बताया कि बुधवार को वह आर्मी कैंट के हल्दीघाटी क्षेत्र के मैदान में घास काटने का काम कर रहा था। इस दौरान घास के बीच में से सांप आ गया और उसकी उंगली में डस लिया।