बारां में एक गैस एजेंसी संचालक तरुण मीणा की कोटा-बारां नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी। तरुण मीणा अपनी कार से बारां से कोटा जा रहे थे। पलायथा के पास कालीसिंध नदी पुल के समीप यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बेकाबू होकर कई बार पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल तरुण को कार से बाहर निकाला और तुरंत कोटा के अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।