कोटा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की इंटेलिजेंस टीम ने रिश्वत मांगने के आरोप में भीमगंजमंडी थाने के ASI रविंद्र सिंह यादव को ट्रैप किया। आरोप है कि ASI ने लड़ाई-झगड़े, मारपीट के मामले में परिवादी, उसके माता-पिता और भाई का नाम हटाने और मामले को रफा-दफा करने की एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने बुधवार को नयापुरा इलाके में कार्रवाई करते हुए रविंद्र सिंह यादव को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। ASI पहले फरियादी से 35 हजार रुपए ले चुका था। एसीबी के अनुसार- 50 हजार रुपए में से 15 हजार रुपए लेते समय ACB ने नयापुरा इलाके में उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद ACB टीम आरोपी ASI से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। बताया जा रहा है कि रविंद्र सिंह यादव दो दिनों से छुट्टी पर था। वह कोटा के अलग-अलग थानों में तैनात रह चुका है। घर पर भी सर्च कर रही टीम कोटा में ACB इंटेलिजेंस की प्रभारी डीएसपी चंद्र कंवर ने बताया- मारपीट मामले में ASI रविंद्र सिंह यादव ने परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 35 हजार रुपए वह पहले ले चुका था। बाकी 15 हजार रुपए शाम को कोर्ट परिसर के गेट नंबर-3 के सामने मेन रोड पर लेते समय ACB ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद ACB की दूसरी टीम ASI के घर पर सर्च कर रही है।