प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से कोटा में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है कि नरेंद्र मोदी जैसे सेवक के दौर में जन्म लेने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा यात्रा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक देश का नेतृत्व किया और भारत का मान-सम्मान दुनिया में बढ़ाया। उन्होंने कहा कि एक समय देश की सीमाओं पर आए दिन आतिशबाजी होती थी लेकिन आज भारत दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है। उन्होंने इसे देश में आए बड़े परिवर्तन और बढ़ते गौरव का प्रतीक बताया। लैंडमार्क सिटी, कुन्हाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, आमजन, समाजसेवी, वरिष्ठ और वयोवृद्ध लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी सुना गया। घर-घर शौचालय निर्माण जैसे अभियान चलें, हर व्यक्ति को मिला लाभ भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सुविधा के लिए घर-घर शौचालय निर्माण जैसे अभियान चलाए गए। वहीं, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जैन ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सरकार से भेजे गए एक रुपए में से केवल 15 पैसे ही आमजन तक पहुंचते थे, जबकि मोदी सरकार ने यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि लाभ की पूरी राशि पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ा भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान, युवा, महिला, व्यापारी और उद्योगपति सभी यह मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा में आयोजित कार्यक्रम को लेकर उम्मीद से कहीं अधिक लोगों की मौजूदगी रही। हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को लाइव सुना और उनके विचारों से प्रेरणा ली। जैन ने कहा कि कार्यक्रम में लिया गया संकल्प अब ‘संकल्प से सिद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ेगा। इससे कोटा, राजस्थान और देश के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी।