कोटा में कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़ और किडनैप की कोशिश का मामला सामने आया है। कार सवार युवकों ने छात्रा का हाथ पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग गई। घटना की जानकारी मिलने पर लोग संदिग्ध कार को पकड़ने गए तो ड्राइवर ने लोगों पर कार चढ़ाने की कोशिश की और फरार हो गया। घटना बोरखेड़ा थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि पिछले तीन-चार दिनों से कुछ युवक सफेद क्रेटा और काली थार से छात्रा का पीछा कर रहे थे। घटना के बाद परिजनों ने बोरखेड़ा थाने में शिकायत दी। बोरखेड़ा थाना अधिकारी अजीत बागड़ोलिया ने बताया- परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। 5 दिन से छात्रा का पीछा कर रहे थे बदमाश नाबालिग छात्रा की मां ने बताया- पिछले चार-पांच दिनों से एक युवक कार से बेटी का पीछा कर रहा था। 7 सितंबर को बेटी ने देखा कि एक कार लगातार पीछे चल रही है। इस पर उसने कार का नंबर नोट कर लिया। आगे जाकर कार में बैठे एक युवक ने उसका हाथ पकड़कर गाड़ी के अंदर खींचने का प्रयास किया, बेटी हाथ छुड़ाकर भाग निकली। घर पहुंचने के उसने घटनाक्रम के बारे में बताया। बेटी इतना डर गई कि पिता के कपड़े पहनकर कोचिंग गई मां ने बताया- घटना के बाद बेटी मंगलवार को कोचिंग जाने से डर रही थी। सुरक्षा के लिए बेटी कोचिंग ड्रेस के ऊपर अपने पिता के कपड़े पहनकर गई। कोचिंग खत्म होने के बाद जब हम लोग लेने पहुंचे तो वहां एक काली थार खड़ी दिखाई दी। जिसमें वही युवक बैठे थे, जिन्होंने छेड़छाड़ की थी। हमने गाड़ी रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज गति से कार भगा ले गया। गांव के लोगों को पता चला तो पकड़ने पहुंचे घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज देखने पर पता चला कि संबंधित गाड़ी पास की एक कॉलोनी में खड़ी हुई थी। 9 सितंबर की सुबह गांव के कुछ लोग मौके पहुंचे। कार ड्राइवर कॉलोनी से बाहर निकल रहा था। लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कार चढ़ाने की कोशिश करते हुए मौके से फरार हो गया। इसके बाद मामला दर्ज करवाया।