कोटा में निकाय चुनाव के नामांकन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज दिनभर में 40 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन भरा। वहीं गुंजल गुट के 7 नेताओं ने अपनी दावेदारी छोड़ दी। दूसरी ओर धारीवाल गुट से जुड़े दावेदारों का कहना है कि उन्हें टिकट को लेकर ‘सिग्नल’ मिल चुका है। ऐसे में उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी के अंदर हलचल और बढ़ गई है। शनिवार को निकाय चुनाव को लेकर पार्षद का टिकट चाहने वाले प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस और बीजेपी ने अभी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी नहीं की है। कांग्रेस के एक दावेदार मंगल कुमार तंबोली ने आलाकमान से सिग्नल मिलने का दावा करते हुए पर्चा भरा है। मंगल कुमार तंबोली शांति धारीवाल खेमे के माने जाते हैं। एडीएम सीलिंग रवि वर्मा ने बताया कि कोटा नगर निगम के 100 वार्डों में नामांकन भरने की प्रक्रिया 27 अगस्त से चल रही है। 27 अगस्त को 4 नॉमिनेशन दाखिल हुए थे। आज 29 अगस्त को 40 नामांकन भरे गए हैं। अब तक सभी दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को मिलाकर 44 नॉमिनेशन भरे जा चुके हैं। राजनीतिक दलों के सिंबल जमा होने के बाद प्रत्याशी की पार्टी का निर्धारण होगा। 31 अगस्त तक नॉमिनेशन भरे जा सकेंगे। कांग्रेस शहर ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष और 6 कार्यकर्ताओं ने छोड़ी दावेदारी कांग्रेस के शहर ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष दीपक नामदेव सहित उनकी टीम के 6 अन्य कार्यकर्ताओं ने पार्षद चुनाव के लिए दिए अपने आवेदन वापस ले लिए हैं। वार्ड 74 से 3, वार्ड 33 से 2 और वार्ड 34 से 2 दावेदारों ने आवेदन वापस लिया है। दीपक नामदेव ने बताया कि आवेदन वापस लेने की सूचना कांग्रेस लाड़पुरा ब्लॉक अध्यक्ष आशु गंभीर और कोटा चुनाव प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज को दे दी है। बता दें कि दीपक नामदेव प्रहलाद गुंजल खेमे के माने जाते हैं।