कोटा में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मकान का ताला तोड़कर DJ का सामान, लैपटॉप और नकदी चोरी करने के मामले का मंगलवार को खुलासा किया। पुलिस ने वारदात के आरोपी अतीक मोहम्मद उर्फ अज्जू (33) को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है। आरोपी चोरी किए DJ के सामान को बेचकर लोन की किस्त जमा करना चाहता था। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- फरियादी विशाल ने रेलवे कॉलोनी थाने में 27 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह DJ का काम करता है और कैलाशपुरी में सामान रखने के लिए किराए पर मकान ले रखा है। एक चोर 27 सितंबर के तड़के करीब 3 बजे ई-रिक्शा से आया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और लैपटॉप, चार्जर, DJ मिक्सर और 8 हजार रुपए चोरी कर ले गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज देख आरोपी को पकड़ा थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और पुराने अनुभव के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने 28 सितंबर को अतीक मोहम्मद उर्फ अज्जू को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से भीमगंजमंडी क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में नांता में किराए से रह रहा था। वह ई-रिक्शा चलाता है। पुलिस के अनुसार- ई-रिक्शा की लोन की किस्तें बकाया होने के कारण उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।